जीरन | भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरे देश में चल रहे 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' के अंतर्गत जीरन (दक्षिण मंडल) में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 14 और 15 मार्च को किया जा रहा है। जीरन के सामुदायिक भवन (चिताखेड़ा दरवाजा) में आयोजित होने वाले इस शिविर में मंडल के अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति और कार्यपद्धति का पाठ पढ़ाया जाएगा।
प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ 14 मार्च प्रातः 10 बजे होगा। उद्घाटन सत्र में जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हेमंत हरित, महेंद्र (बबलू) भटनागर, अवंतिका मेहर सिंह जाट, प्रशिक्षण प्रभारी राकेश पप्पू जैन एवं दक्षिण मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर बतौर अतिथि उपस्थित रहेंगे।
प्रशिक्षण के पहले दिन कुल 5 महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जो शाम 5 बजे तक चलेंगे। इसमें मुख्य रूप से वैचारिक अधिष्ठान एवं इतिहास, भाजपा की विकास यात्रा और विचारधारा, कार्य विस्तार, संगठन को मजबूत करने की दृष्टि और कार्य पद्धति, सरकार की उपलब्धियां और लाभार्थियों को संगठन से जोड़ना विषयों पर वक्ता अपना वक्तव्य देंगे। प्रथम दिन के समापन के बाद रात्रि विश्राम के दौरान 'युवा संसद' का विशेष आयोजन किया जाएगा, जहाँ समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी।
दूसरे दिन योग और डिजिटल प्रबंधन पर जोर
15 मार्च को प्रशिक्षण का दूसरा दिन योग और प्रार्थना के साथ शुरू होगा। इसके पश्चात आयोजित होने वाले दो सत्रों में कार्यकर्ताओं को आधुनिक युग की चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा, जिसमें सोशल मीडिया, नमो ऐप और संगठन ऐप का प्रभावी उपयोग और बूथ प्रबंधन और प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम की महत्ता को लेकर वक्ता अपने वक्तव्य देंगे।
प्रशिक्षण वर्ग का समापन 15 मार्च को दोपहर 1 बजे होगा, जिसमें मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर एवं क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। दक्षिण मंडल महामंत्री किशन अहिरवार एवं दिलीप सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और मंडल के सभी अपेक्षित कार्यकर्ताओं को इस वर्ग में अनिवार्य रूप से सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित किया गया है।