नीमच।जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नीमच में “पंच परिवर्तन” विषय को केंद्र में रखते हुए एक प्रेरणादायी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित, आनंदपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुजानमल मांगरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ सुजाता जी द्वारा माँ सरस्वती की वंदना से किया गया। इसके पश्चात श्री पालीवाल द्वारा एक प्रेरणादायी सामूहिक गीत प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य श्री निर्मल राठौर ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में संस्थान के कार्यों में निरंतर समर्पण एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें श्रीमती गायत्री, सुश्री वर्षा, श्री सुनील कुमार शर्मा (जिलाध्यक्ष, म.प्र. शिक्षक संघ), श्री दिग्विजय पालीवाल (जिला मंत्री, संस्कृतं), श्री ओंकार भाटी तथा श्री राजकुमार शामिल रहे।
इस अवसर पर “पंच परिवर्तन” के बिंदुओं को मानवता के हित में अपनाने तथा संपूर्ण हिंदू समाज को अपना मानते हुए “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को जीवन में उतारने का आग्रह सम्मानितों द्वारा किया गया।
अंत में जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुजानमल मांगरिया ने अपने मार्गदर्शनपूर्ण उद्बोधन में समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरक विचार प्रस्तुत किए तथा सभी को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस प्रकार यह सम्मान समारोह प्रेरणादायी वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।