नीमच। ग्रुप केन्द्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) नीमच में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय परिवार कल्याण केन्द्र नीमच की अध्यक्षा श्रीमती वीणा एवं श्री सुरेन्द्र कुमार, डीआईजी, ग्रुप केंद्र नीमच के दिशा निर्देशन में किया गया, जिसमें बड़ी
संख्या में महिलाओं द्वारा सहभागिता की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक तरीके से सुसज्जित खचाखच भरे ‘महाराणा प्रताप भवन’ में मुख्य अतिथि डॉ. पदमा चौधरी के साथ श्रीमती मितुल ठाकुर, श्रीमती संगीता के द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। श्रीमती सरिता नेगी सदस्य सचिव ने मुख्य अतिथि महोदया का स्वागत भाषण के साथ किया। इस अवसर पर महिलाओं के लिए आयोजित विभिन्न प्रकार के खेलकूद जिसमें म्यूजिकल चेयर, स्पून रेस, मेहंदी, रंगोली एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य और गीतों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। तदुपरांत विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, वाटर टाईथेलोन की वर्ड चैम्पियनशिप में शीर्ष चतुर्थ में स्थान हासिल करने वाले सीआरपीएफ के मास्टर पृथ्वीराज सिंह को भी क्षेत्रीय ‘कावा’ द्वारा सम्मानित किया ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं समाज की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह दिवस केवल उत्सव का दिन ही नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में नए संकल्प लेने के साथ ही उनके अधिकारों, समान अवसर और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। गौरतलब है कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की मुख्य थीम “Give To Gain” (दान से लाभ) है, जो महिलाओं को अवसर, सहयोग और संसाधन देकर समाज को सशक्त बनाने का संदेश देती है।
वहीं संयुक्त राष्ट्र की थीम “Rights, Justice, Action for All Women and Girls” सभी महिलाओं और बालिकाओं के लिए समान अधिकार, न्याय और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर बल देती है। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती विमला थोरेचा ने मुख्य अतिथि महोदया का कार्यक्रम में पधारकर सभी का हौसला-अफजाई करने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया और साथ ही सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ की महिला अधिकारी, ऑफिसर्स लेडी वाइव्स, स्टेशन के विभिन्न संस्थानों की महिलाएं तथा क्षेत्रीय परिवार कल्याण केन्द्र की सदस्याएं उपस्थित रहीं।