नीमच। शहर के दशहरा मैदान स्थित सम्राट नाश्ता सेंटर में समोसे के अंदर कॉकरोच मिलने की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। एक ग्राहक द्वारा घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर दुकान पर जांच और कार्रवाई की।जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह एक ग्राहक सम्राट नाश्ता सेंटर से समोसे पैक करवाकर अपने घर ले गया था। घर पहुंचकर जब वह नाश्ता करने बैठा और समोसा तोड़ा तो उसके अंदर मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया। यह देखकर ग्राहक और उसके परिवार के लोग हैरान रह गए। ग्राहक ने तुरंत समोसे का वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो कुछ ही समय में शहरभर में तेजी से वायरल हो गया।वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत शर्मा अपनी टीम के साथ सम्राट नाश्ता सेंटर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने रसोई और खाद्य सामग्री रखने की व्यवस्था की जांच की। प्रारंभिक जांच में दुकान पर साफ-सफाई की कमी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है
अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकान संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत शर्मा ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।