नीमच । रंग, उल्लास, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक पावन एवं पारंपरिक पर्व ‘होली’ देशभर में विविध सांस्कृतिक स्वरूपों में मनाया जाता है। यह पर्व केवल रंगों का उत्सव नहीं, अपितु परस्पर प्रेम, भाईचारे, सद्भाव, आपसी विश्वास तथा राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश देने वाला महोत्सव है। होली का पर्व समाज में व्याप्त भेदभाव एवं मतभेदों को समाप्त कर आपसी सौहार्द एवं सद्भावना को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। साथ ही, यह वसंत ऋतु के आगमन, नवचेतना, नवीन ऊर्जा एवं सकारात्मकता का भी प्रतीक माना जाता है। इसी परिप्रेक्ष्य में, प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्रुप केन्द्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, नीमच के तत्वावधान में होली पर्व अत्यंत उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कैंप परिसर में ‘होली मिलन एवं धुलेंडी समारोह’ का सुव्यवस्थित एवं अनुशासित आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समस्त राजपत्रित अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवानों तथा उनके परिवारजनों ने पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। रंग-बिरंगे परिधानों, मधुर एवं पारंपरिक संगीत तथा उल्लासपूर्ण वातावरण ने संपूर्ण परिसर को
उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी अधिकारीयों, कार्मिकों एवं परिवारजनों ने आपसी एकता, सौहार्द एवं पारिवारिक वातावरण की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। समारोह का आयोजन पूर्णतः अनुशासित, सुव्यवस्थित एवं मर्यादित ढंग से संपन्न किया गया, जो बल की परंपराओं एवं गरिमा के अनुरूप रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि वे इसी प्रकार पारस्परिक सहयोग, समर्पण एवं राष्ट्रीय कर्तव्यनिष्ठा की भावना के साथ राष्ट्र सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे।