नीमच। विधायक दिलीपसिंह परिहार ने विधानसभा सत्र के दौरान जीरन सर्किट हाउस, जेतपुरा ओवरब्रिज सहित सडकों निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाकर जल्द पूर्ण करने की मांग की।
श्री परिहार ने विधानसभा में नीमच जिले की जीरन तहसील में सर्किट हाउस निर्माण सहित जिले की छोटी-छोटी सडकें, जो दूरदराज के गांवों और राजस्थान को जोडती हैं, जैसे ग्राम बिसलवास कलां स्टेशन से दारू मार्ग, दारू-हरनावदा मार्ग, कनावटी-लेवडा मार्ग, ग्वाल तालाब-पिराना मार्ग, पुरानी कृशि उपज मण्डी से नवीन कृशि उपज मण्डी मार्ग तथा मल्हारगढ से जीरन और जीरन से हैलीपेड तक सडक निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की।
साथ ही जेतपुरा-मनासा मार्ग पर ओवरब्रिज बनाए जाने का मुद्दा दमदार तरीके से उठाया। उन्होंने इस मार्ग पर होने वाली सडक दुर्घटनाओं के बारे में सदन को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जेतपुरा चौराहा सडक हादसों की वजह से डेंजर जोन बना हुआ है। इस मार्ग पर सडक दुर्घटना के मामले लगातार बढ रहे है। कई निर्दोश लोगों ने अपनी जान दुर्घटना में गंवाई है और सैंकडों लोग घायल हुए हैं। डेंजरजोन होने के कारण हर साल लोग सडक हादसे में अपनी जान गंवा रहे हैं। इस मार्ग से हर साल लाखों की तादाद में महामाया भादवामाता के दरबार में चैत्र और शारदीय नवरात्रि में बडी संख्या में श्रद्धालु दर्शनों के लिए जाते हैं। भादवामाता के अमृतमयी जल के सेवन से लकवाग्रस्त रोगी मां की कृपा से असाध्य बीमारियों से छुटकारा पाते हैं। श्री परिहार ने ओवरब्रिज निर्माण मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र ही ओवरब्रिज निर्माण किए जाने की मांग की। उल्लेखनीय है कि जेतपुरा चौराहे पर ओवरब्रिज का प्रस्ताव बन जाने के बाद नीमच विधानसभा सहित मनासा विधानसभा के हजारों क्षेत्रवासियों के लिए फायदेमंद साबित होगा और हर साल होने वाले सडक हादसों और मौतों में कमी आएगी।
श्री परिहार ने विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेशसिंह को धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि शीघ्र ही नीमच विधानसभा की उक्त मांगों को स्वीकृत कर शीघ्र निर्माण प्रारंभ कराए जाएंगे।