बिजौलिया। बिजौलिया थाना क्षेत्र के कास्या से देवी निवास जाने वाली सड़क किनारे बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।
एएसआई नरेश शर्मा ने बताया कि मृतक के गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं, जो प्रथम दृष्टया पैंथर के हमले जैसे प्रतीत हो रहे हैं। आसपास क्षेत्र में वन्य जीव के पगमार्क भी दिखाई दिए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने शव पर मौजूद घावों का निरीक्षण किया तथा आसपास के क्षेत्र में वन्य जीवों के मूवमेंट के साक्ष्य जुटाए। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि युवक की मौत पैंथर के हमले से ही हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।
पुलिस ने मामले की गहन जांच के लिए भीलवाड़ा से एफएसएल एवं फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है।
मृतक की पहचान ईश्वर (35) पुत्र भीमा ओड निवासी बहादुर जी का खेड़ा के रूप में हुई है। वह क्षेत्र में खदान में मजदूरी करता था। पारिवारिक स्थिति भी दयनीय बताई जा रही है। कुछ समय पूर्व उसकी पत्नी उसे छोड़कर पीहर चली गई थी। उसके परिवार में एक पुत्री और एक पुत्र हैं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।