भोपाल । मप्र में पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने के साथ निवेश आकर्षित करने पर काम भी हो रहा है। इसके अगले चरण में पर्यटन विभाग मंदसौर, छिंदवाड़ा, धार, बैतूल और पन्ना जैसे छोटे जिलों में होटल - रिसॉर्ट बनाने पर काम करेगा। प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर होने वाले इन कामों में लगभग 450 करोड़ रुपए निवेश आने की संभावना है। मप्र में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब पर्यटन सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इनमें मुख्य रूप से आधुनिक सुविधाओं वाले होटल रिसॉर्ट के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। हालांकि, विभाग अब नीतियों और ब्रांडिंग पर फोकस कर रहा है। निर्माण के लिए निजी क्षेत्र की मदद ली जाएगी। निजी निवेशकों से इन प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए टेंडर निकाल दिए गए हैं। डेढ़ से पांच साल के बीच ये होटल- रिसॉर्ट बना लिए जाएंगे। निजी निवेशकों को इन्हें 90 साल की लीज पर दिया जाएगा।
छतरपुर, निवाड़ी, पन्ना, छिंदवाड़ा, धार, मंदसौर में शुरू होंगे प्रोजेक्ट
जमीनों के लिए लगेगी बोली: विभाग ने इन प्रोजेक्ट के लिए ग्रामीण इलाकों में 5 लाख हेक्टेयर और शहरी इलाकों में 10 लाख हेक्टेयर की शुरुआती मूल्य तय किए हैं। निजी निवेशक इनके लिए बोली लगाकर मूल्य बढ़ाएंगे। निर्माण के लिए 10 करोड़ तक लागत का 15 प्रतिशत तो 10 करोड़ से अधिक पर 30 प्रतिशत पूंजी सहायता विभाग देगा।