उदयपुर। उदयपुर के सहे​ली मार्ग स्थित यूआईटी सर्कल के पास संचालित “नेचर टच स्पा सेंटर” में  देह व्यापार का मामला सामने आया है। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर छापा मारकर तीन युवतियों सहित संचालिका को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि स्पा की आड़ में ग्राहकों से अतिरिक्त सर्विस के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही थी।एसटी-एससी सेल की डीएसपी नीतू सिंह ने बताया कि अंबामाता थाना, बड़गांव थाना और डीएसटी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ग्राहक बनकर पहले जानकारी जुटाई और फिर मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान अवैध गतिविधियों की पुष्टि होने पर तीन युवतियों और सेंटर की संचालिका को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार युवतियां भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ सहित अन्य जिलों की रहने वाली बताई जा रही हैं।
यह कार्रवाई एडिशनल एसपी माधुरी वर्मा के निर्देशन में की गई। पुलिस अब स्पा सेंटर के लाइसेंस, संचालन से जुड़े दस्तावेजों और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि पर्यटन नगरी उदयपुर में प्रमुख पर्यटन स्थलों, विशेषकर सहेलियों की बाड़ी के आसपास बड़ी संख्या में स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने ऐसे सभी सेंटरों की निगरानी बढ़ा दी है और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।