नीमच। मिलेट्स से बने स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में आम जनमानस में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए ‘फूड फेस्टिवल’ का आयोजन किया गया। मिलेट्स में आयरन, जिंक, विटामिन तथा कैल्शियम जैसे खनिज स्वास्थ्यवर्धक और ग्लूटेन-मुक्त होते है। यह सुपाच्य होने के साथ-साथ हृदय रोग, कैंसर, मधुमेह, अस्थमा आदि के जोखिम को भी नियंत्रित करते है। इनके पोषण मूल्यों के बारे में लोगों में जागरुकता अभी भी बहुत कम है। हमें छोटी उम्र से ही
मिलेट्स के सेवन की आदतों को अपने रूटीन में शामिल करना होगा, ताकि अच्छी आदतों को अपनाकर सभी लंबे समय तक स्वस्थ व तंदुरुस्त रह सकें। इसी को ध्यान में रखते हुए सीआरपीएफ मुख्यालय के आदेशानुसार ग्रुप केंद्र स्तर पर फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रुप केन्द्र नीमच के श्री प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट, राजपत्रित अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, उनके परिजन, जवान, महिलाएं तथा बच्चों की मौजूदगी में बड़े उत्साह, के साथ खाद्य महोत्सव का आयोजन किया गया। इस खाद्य महोत्सव में कैम्प परिसर में निवासरत परिवारजनों ने भी विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल लगाए एवं उनकी सहभागिता से लजीज व्यंजनों का खूब लुत्फ उठाया।