नीमच। कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित आयुष भवन में शुक्रवार को सूक्ष्मलघु एवं मध्यम मध्यम विभाग द्वारा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र नीमच के माध्यम से जिले में एमएसएमई उद्योगों के विकास एवं निवेश प्रोत्साहन के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले में स्थापित एमएसएमई इकाईयों के प्रतिनिधि एवं उद्योग स्थापना हेतु इच्छुक नव उद्यमी सम्मिलित थे। कार्यक्रम में एमएसएमई प्रोत्साहन योजना मध्य प्रदेश एमएसएमई को औद्योगिक भूमिभवन आवंटन एवं प्रबंधन नियम 2025 के बारे में विस्तृत जानकारी महाप्रबंधक श्रीमती योगिता भटनागर ने दी। उद्यानिकी विभाग से उपसंचालक श्री अतर सिंह कन्नौजी ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के लिए पीएमएफएमई योजना एवं आवेदन करने संबंधी प्रक्रिया की जानकारी दी।

      जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री शीतांशु शेखर ने बैंक लोन स्वीकृति प्रक्रिया , प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने एवं सिबिल स्कोर संबंधी जानकारी दी। जिला व्यापार उद्योग केंद्र नीमच के प्रबंधक श्री अनुराग मिश्रा ने स्वरोजगार योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना एवं पीएमईजीपी योजना की जानकारी दी। इस अवसर पर उद्योग संघ नीमचउद्योग संघ झांझरवाडा के अध्यक्ष एवं सचिव एवं प्रमुख उद्योगपति उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सहायक प्रबंधक श्री प्रिस रघुवंशी ने आभार माना।