नीमच। धनेरिया रोड स्थित श्री शक्ति नगर विस्तार, शक्तिधाम में श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित पंचदिवसीय शिव महारुद्र प्राण-प्रतिष्ठा पंचकुंडीय महायज्ञ पूरे भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हो रहा है। इस पावन अनुष्ठान में प्रतिदिन श्रद्धालु मानव कल्याण, विश्व शांति एवं समृद्धि की कामना के साथ आहुतियाँ अर्पित कर रहे हैं। महायज्ञ का आयोजन पं. श्री योगेंद्र जी पुरोहित के सान्निध्य में हो रहा है। उनके साथ पं. श्री जय प्रकाश जी, पं. श्री नरेंद्र जी शास्त्री (नीमच), पं. श्री शिवम जी शर्मा (रतलाम) एवं पं. श्री पंकज जी शर्मा (मंदसौर) द्वारा वेद मंत्रोच्चारण के साथ समस्त धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। तृतीय दिवस पर अभिषेक पूजन, यज्ञ, वेद पाठ, पुष्पाधिवास, महामृत्युंजय जाप एवं महायज्ञ आहुति जैसे दिव्य अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। प्रतिदिन सायंकाल महिलाओं द्वारा भगवान को हल्दी रस्म अर्पित कर भजन संध्या का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा है। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न की जाएगी। शनिवार को सायं 7 बजे से भव्य संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन होगा, वहीं रविवार महाशिवरात्रि को सायंकाल विशेष महाआरती रखी गई है। समिति ने समस्त धर्मप्राण श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर दर्शन एवं पुण्य लाभ लेने की अपील की है।